फीफा विश्व कप 2026: ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार जूनियर ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से लिया संन्यास
दमकल विभाग और पुलिस अब दोनों घटनाओं के सटीक कारणों की जांच कर रही है
कोलकाता। दक्षिण कोलकाता का वीआईपी इलाका सदर्न एवेन्यू मंगलवार को दोहरी आग की घटनाओं से दहल उठा। दोपहर के समय जहां आनंद आवास नामक बहुमंजिला इमारत के एक फ्लैट में भीषण आग लग गई, वहीं कुछ ही दूरी पर एक चलती कार के इंजन से अचानक लपटें उठने लगीं। इन दोहरी घटनाओं ने इलाके में भारी दहशत फैला दी, हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण किसी भी जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
आनंद आवास में हुई घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे चौथी मंजिल के एक फ्लैट से काला धुआं निकलते देखा गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की खबर मिलते ही इमारत में रहने वाले दर्जनों परिवार घबराकर नीचे सड़क पर आ गए। स्थानीय विधायक और मेयर-इन-काउंसिल देवाशीष कुमार ने भी मौके का दौरा कर निवासियों से बात की। दमकल की तीन गाडिय़ों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राहत की बात यह रही कि बचाव कार्य के दौरान न केवल निवासियों को, बल्कि वहां मौजूद पालतू कुत्तों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसी समय सदर्न एवेन्यू के दूसरे छोर पर एक चलती कार के इंजन में अचानक आग लग गई। चालक ने धुआं उठते ही सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को बीच सड़क पर रोक दिया और तुरंत बाहर निकल गया। प्राथमिक जांच में कार की आग का कारण इंजन में शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है, जबकि आनंद आवास के फ्लैट में आग लगने की वजह सिलेंडर ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले 48 घंटों में कोलकाता के रिहायशी इलाकों में आग की यह तीसरी बड़ी घटना है। सोमवार को ही ईएम बाइपास स्थित उर्बाना परिसर में आग लगी थी, जहां स्पाइडरमैन टीम ने बचाव कार्य किया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने शहर के बहुमंजिला आवासों में अग्नि सुरक्षा मानकों और आपातकालीन प्रणालियों की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दमकल विभाग और पुलिस अब दोनों घटनाओं के सटीक कारणों की जांच कर रही है।
बारुईपुर नाबालिग हत्याकांड पर विधायक रत्ना देवनाथ का तीखा बयान, पूर्व सरकार पर साधा निशाना